Hazaribagh : जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत, प्रभावी तथा जनसुविधा केंद्रित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद हजारीबाग पुलिस ने जर्जर भवनों और अस्थायी परिसरों से संचालित हो रहे थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस नए भवन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है. जानकारी के अनुसार जिले के लोहसिंघना थाना, मुफ्फसिल थाना, बड़ा बाजार ओपी और कोर्रा थाना के भवनों के निर्माण एवं उन्नयन को प्राथमिकता दी गई है. लंबे समय से भवन और संसाधनों की कमी से जूझ रहे इन पुलिस केंद्रों में कई जगहों पर टिन शेड या अस्थायी भवनों से कार्य संचालित किया जा रहा था, जिससे पुलिसकर्मियों और फरियादियों दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.
DGP के निर्देश के बाद तेज हुई प्रक्रिया
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक DGP की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद लंबित भवन निर्माण योजनाओं को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है. थानों के लिए भूमि चयन, NOC और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़ी बाधाओं को दूर करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके. प्रस्तावित थाना भवनों में हाजत, रिकॉर्ड रूम, बेहतर कार्यस्थल, बैठने की समुचित व्यवस्था और फरियादियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आम लोगों को अपनी शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए अधिक सुविधाजनक माहौल प्राप्त होगा.

कानून-व्यवस्था होगी और मजबूत
SP अमन कुमार के अनुसार जिले के सभी जर्जर थाना भवनों की मरम्मत और नए भवन निर्माण को लेकर रिपोर्ट तैयार कर ली गई है. पुलिस प्रशासन का मानना है कि आधुनिक थाना भवन बनने से पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होगा, पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम जनता को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी. साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी. नए भवनों के निर्माण से हजारीबाग पुलिस को आधुनिक आधारभूत संरचना मिलेगी, जिससे पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है.
Also Read : महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर BJP कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि


