Ranchi: राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में रांची स्थित रांची मनोचिकित्सा एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (RINPAS) के स्थापना खर्च के लिए 85 करोड़ 11 लाख 75 हजार रुपये की सहायता राशि मंजूर की है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस संबंध में स्वीकृति आदेश जारी किया है. स्वीकृत राशि में 16 करोड़ 74 लाख 30 हजार रुपये वेतन मद के लिए और 68 करोड़ 37 लाख 45 हजार रुपये गैर-वेतन मद के लिए रखे गए हैं.

वित्तीय नियमों के अनुसार करना होगा राशि खर्च
विभाग के आदेश के अनुसार, इस राशि का इस्तेमाल RINPAS के जरूरी स्थापना खर्चों में किया जाएगा. राशि खर्च करने में वित्तीय नियमों का पालन करना होगा. आदेश में RINPAS के निदेशक को राशि की निकासी और खर्च का जिम्मेदार पदाधिकारी बनाया गया है. उन्हें खर्च का विवरण और उपयोगिता प्रमाण पत्र समय-समय पर स्वास्थ्य विभाग और महालेखाकार कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
इसके अलावा, सरकार ने निर्माण और मरम्मत से जुड़े कार्यों में तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति लेने के साथ जरूरी कार्यों के लिए ई-टेंडर की प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया है.
Also Read: छात्र आंदोलन से रांची में बढ़ी हलचल, 20 अगस्त के CM हाउस घेरने की चेतावनी

