Bokaro: सेक्टर-12 मोड़ स्थित लाइसेंसी कम्पोजिट शराब दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये की विदेशी शराब चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने महज छह घंटे में पर्दाफाश कर दिया. चोरों ने दुकान के पीछे की चादर उखाड़कर करीब 3.5 लाख रुपये मूल्य की शराब और बीयर चोरी कर ली थी, लेकिन त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी गया पूरा माल बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

दुकान के पीछे की चादर उखाड़ अंदर घुसे थे चोर
पुलिस को गुरुवार सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि सेक्टर-12 मोड़ स्थित शराब दुकान में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है. सूचना पर बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. दुकान के पीछे की चादर उखड़ा हुआ पाया, जहां से अज्ञात चोर अंदर घुसे और बड़ी मात्रा में विदेशी शराब लेकर फरार हो गए. दुकान संचालक संदीप कुमार के लिखित आवेदन पर बीएस सिटी थाना कांड संख्या 114/2026 दर्ज किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर डीएसपी नगर राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये
टीम ने छापेमारी कर हिमांशु पटेल उर्फ सूटर (19), राजकुमार उर्फ लोला (20), नितिश कुमार उर्फ गोलू (21) और नन्दु कुमार (23) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 750 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब, 137 बोतल/केन बीयर तथा एक लोहे का ताला काटने वाला कटर बरामद किया. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: समाहरणालय में अधिवक्ता से बदसलूकी मामले में केस दर्ज
