Koderma: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटिया बस्ती स्थित भुइयां टोला में गुरुवार की शाम करीब 5:30 बजे क्रिकेट खेलने के दौरान अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से छह युवक घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े.

घायलों के नाम
घायलों की पहचान कृष्णा भुइयां, दीपचंद भुइयां, नीतीश भुइयां, शंभू भुइयां, विपिन भुइयां तथा दशरथ भुइयां के रूप में हुई है. बताया जाता है कि सभी युवक मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया जिसे देख युवकों ने आम पेड़ के नीचे चले गए तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आकर सभी घायल हो गए. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से कुछ घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वही कुछ घायलों को एंबुलेस के माध्यम से सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. वज्रपात की इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है तथा घायल युवकों के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है वहीं उनकी सलामती को लेकर चिंतित हैं.
