Hazaribagh: जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित कोले रेलवे स्टेशन के पास अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. रविवार की रात बेखौफ अपराधियों ने बाइक से जा रहे एक दंपत्ति को निशाना बनाते हुए, उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. इस हमले में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया है.
इलाज के लिए घायल पति को किया गया रिम्स रेफर
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बाइक सवार दंपत्ति कोले स्टेशन के समीप से गुजर रहे थे. घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोका और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी में महिला घायल हो गई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हमले के पीछे के कारणों का अभी पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है.
गोलीबारी में पति को भी गोलियां लगी हैं. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया है.
यह भी पढ़ें: मायके जाने की जिद पर पति ने कुल्हाड़ी से की पत्नी की हत्या, शव के पास ही रातभर सोता रहा आरोपी
