Garhwa: जिले के मेराल थाना क्षेत्र के गोबरदहा गांव में गुरुवार को एक बड़ी घटना घटी. यहां घर के समीप स्थित तालाब में नहाने के दौरान डूबने से फुआ और भतीजे की मौत हो गई. मृतकों की पहचान जैनब खातून (17)और उसके भतीजे सुहेल खान (12) के रूप में हुई है. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
जानकारी के अनुसार, जैनब खातून घर के पास स्थित तालाब में नहाने गई थी. इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी. उसे डूबता देख पास ही मौजूद उसका भतीजा सुहेल खान उसे बचाने के लिए तालाब में कूदा, लेकिन पानी का अंदाजा न होने के कारण वह भी डूब गया. शोर मचने पर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. तालाब में डूबने से दो की मौत, गांव में पसरा मातम.
ALSO READ: चूरी-बेंती कोल प्रोजेक्ट: पर्यावरणीय मंजूरी के लिए 22 मई को होगी जनसुनवाई
