Giridih: बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली मोड़ के समीप गुरुवार शाम एक कार अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकरा गई. हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आई हैं. जानकारी के अनुसार देवघर जिले के दुलमपुर निवासी छह युवक कार से गिरिडीह के खंडोली घूमने आए थे. घूमने के बाद सभी शाम में अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान खंडोली मोड़ से पहले चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे स्थित बिजली पोल से जा टकराई.
कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया तथा घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. घायलों की पहचान देवघर के दुलमपुर निवासी राजा खान, हुसैन खान और आर्यन खान के रूप में हुई है. सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. वहीं कार में सवार अन्य तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी ली. प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा: परिमल नाथवानी की जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न, एनडीए की एकजुटता को बताया जीत का आधार



