GIRIDIH: झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा 19 अप्रैल को जिले में आयोजित होगी. परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.
43 केंद्रों पर होगी परीक्षा
उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि जिले में कुल 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 15,655 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए सभी केंद्रों पर मजबूत व्यवस्था की गई है. हर परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही गश्ती दल और जोनल मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी करेंगे, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके.
सुविधाओं पर भी फोकस.
प्रशासन ने सभी केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान पत्र जांच और अन्य प्रक्रियाओं को भी व्यवस्थित करने को कहा गया है.
नकल पर सख्त कार्रवाई
उपायुक्त ने साफ कहा है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की नकल या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.
प्रश्न पत्रों की सुरक्षित ढुलाई और परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पुलिस को अतिरिक्त सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
