गिरिडीह: प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश, शादी से बचने के लिए युवक की बेरहमी से हत्या, जंगल में दफनाया शव का कंकाल बरामद

Giridih: गिरिडीह जिले की पीरटांड़ थाना पुलिस ने करीब एक महीने से लापता युवक की गुमशुदगी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या...

प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश, शादी से बचने के लिए युवक की बेरहमी से हत्या, जंगल में दफनाया शव का कंकाल बरामद

Giridih: गिरिडीह जिले की पीरटांड़ थाना पुलिस ने करीब एक महीने से लापता युवक की गुमशुदगी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने युवक को शादी कराने के बहाने अपने साथ ले जाकर धनबाद के जंगल में पत्थर से सिर कुचलकर और गमछे से गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मानव कंकाल, हत्या में प्रयुक्त गमछा, कपड़े, चप्पल, मोबाइल और एक चाकू बरामद किया है.पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को पीरटांड़ थाना क्षेत्र के सियरांगी निवासी 72 वर्षीय हृदय नारायण सिंह ने अपने पुत्र शंकर कुमार सिंह उर्फ बिंदु सिंह के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि उनका बेटा 20 जून 2026 को गिरिडीह जाने की बात कहकर सुबह करीब 11:30 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा. परिजनों ने धनबाद की रहने वाली सोनिया नाम की महिला समेत अन्य लोगों पर अपहरण की आशंका जताई थी. शिकायत के आधार पर पीरटांड़ थाना कांड संख्या 22/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई.

तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और मानव स्रोतों की मदद से जांच आगे भी जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और मानव स्रोतों की मदद से जांच आगे बढ़ाई. इस दौरान प्राथमिकी में नामजद महिला सोनिया कुमारी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लाकर पूछताछ की गई, जबकि संदिग्ध चंदन कुमार भोक्ता (32 वर्ष), निवासी सिरसा, थाना पथरौल, जिला देवघर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान आरोपी चंदन कुमार भोक्ता ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसने बताया कि मृतक शंकर कुमार सिंह उस महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन आरोपी और उसके ससुराल पक्ष के लोग इस शादी के खिलाफ थे. कारण यह था कि संबंधित महिला पहले से विवाहित थी, उसके तीन बच्चे थे और वह अपने पति से अलग रह रही थी. इसी विवाद को खत्म करने के लिए आरोपी ने शंकर कुमार सिंह को धनबाद चलकर महिला से मिलने का झांसा दिया.आरोपी उसे बाइक से धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र स्थित बसहा जंगल ले गया. वहां सुनसान जगह देखकर पहले पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए और फिर गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को जंगल में ठिकाने लगा दिया ताकि किसी को घटना की भनक न लगे. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से मृतक का मानव कंकाल, हत्या में प्रयुक्त नारंगी रंग का गमछा, मृतक के कपड़े, चप्पल, आरोपी का मोबाइल फोन तथा घटनास्थल के पास से एक चाकू बरामद किया है.

प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर उपजे विवाद ने इस हत्याकांड को दिया जन्म 

मृतक का मानव कंकाल, हत्या में प्रयुक्त नारंगी रंग का गमछा, मृतक के कपड़े, चप्पल एवं अन्य वस्त्र, आरोपी का मोबाइल फोन, घटनास्थल के पास से बरामद चाकू, गिरफ्तार आरोपी का नाम चंदन कुमार भोक्ता (32 वर्ष), पिता – काली प्रसाद भोक्ता, निवासी – सिरसा, थाना पथरौल, जिला देवघर, इस पूरे ऑपरेशन में डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, पुलिस निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र सिंह बिष्ट तथा तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर उपजे विवाद ने इस जघन्य हत्याकांड को जन्म दिया. वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है.

ALSO READ : कोडरमा: आउटसोर्सिंग कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से स्वास्थ्य व्यवस्था ठप

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *