Giridih : जिले के बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत पहरियाडीह गांव में 30 वर्षीय विवाहिता गुड़िया खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब पांच घंटे तक शव को घटनास्थल से उठाने नहीं दिया. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में तत्परता नहीं दिखाई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई. सूचना मिलने पर बिरनी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने बिरनी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है.



