Giridih: निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान के तहत रविवार को गिरिडीह शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों हटिया बाजार, बस स्टैंड और टॉवर चौक पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इसके सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया.
कलाकारों ने नाटक के माध्यम से दिया लोगों को संदेश
उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आयोजित नुक्कड़ नाटक में कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर बताया, कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए कितना घातक साबित होता है. नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया, कि नशे की लत युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बनाती है, पारिवारिक संबंधों को कमजोर करती है और सामाजिक अपराधों को बढ़ावा देती है.
कलाकारों ने की लोगों से नशे से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, दुकानदार, यात्री एवं युवाओं ने नाटक का अवलोकन किया. कलाकारों ने लोगों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की. साथ ही निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध सजग रहने तथा ऐसे मामलों की सूचना प्रशासन को देने का संदेश भी दिया गया.
जिला प्रशासन ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है. प्रशासन ने आमजनों से इस जन-अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और नशामुक्त गिरिडीह के निर्माण में सहयोग करने की अपील की.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: चांडिल में सारदा नेत्रालय का नया विजन सेंटर शुरू, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं


