Giridih: SIR-2026 में वॉलंटियर्स की अहम भूमिका, हर पात्र मतदाता का नाम सूची में जोड़ना प्राथमिकता – उपायुक्त. बीएलओ के साथ मिलकर करेंगे घर-घर सत्यापन, वृद्ध, दिव्यांग और नए मतदाताओं को मिलेगा विशेष सहयोग. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को सफल और समावेशी बनाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने वॉलंटियर्स की भूमिका को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़कर उसे त्रुटिरहित, अद्यतन और प्रमाणिक बनाना है.
BLO के साथ एक वॉलंटियर की प्रतिनियुक्ति की गई
उपायुक्त ने बताया कि प्रत्येक बीएलओ के साथ एक-एक वॉलंटियर की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो मैदानी कार्यों में सहयोग करेंगे. वॉलंटियर्स विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग, गंभीर रूप से बीमार, आर्थिक रूप से कमजोर और अन्य संवेदनशील वर्गों के मतदाताओं की सहायता करेंगे. साथ ही वे अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान, दस्तावेज सत्यापन, नामांकन प्रपत्र भरवाने साथ ही ECINET और वोटर्स पोर्टल के माध्यम से मतदाता विवरण खोजने में भी सहयोग देंगे.
उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए गांव-गांव जाकर नए मतदाताओं की पहचान की जाएगी और बीएलओ-बीएलए-2 बैठकों व चुनावी पाठशालाओं के माध्यम से भी पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा.

DC ने संबंधित अधिकारियों को दिये कई दिशा निर्देश
उपायुक्त ने बताया कि वॉलंटियर्स ASDDF सूची के सत्यापन बैठकों के दस्तावेजीकरण और जागरूकता अभियान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यदि अभियान के दौरान फर्जी दस्तावेज, गलत घोषणा या अन्य संदिग्ध गतिविधियां सामने आती हैं तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, वॉलंटियर्स और निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि SIR-2026 केवल पुनरीक्षण अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने का जनभागीदारी अभियान है। हमारा लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे.


