Giridih: स्वच्छता, पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन की मिसाल बन चुका तेलोडीह पंचायत अब पूरे राज्य में अपनी अलग पहचान बना चुका है. मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना (मूल्यांकन वर्ष 2024-25) के तहत 24 अप्रैल 2026 को रांची के खेलगांव इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और इरफान अंसारी के हाथों पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम को प्रशस्ति पत्र और 10 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई. इस उपलब्धि ने पूरे गिरिडीह जिले को गर्व से भर दिया.
पंचायत में जश्न का माहौल
इस ऐतिहासिक सम्मान के बाद शनिवार को पंचायत सचिवालय, तेलोडीह में भव्य स्वागत और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां पूरे पंचायत क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पंचायत कर्मी मौजूद रहे.
सामूहिक मेहनत का परिणाम
मुखिया शब्बीर आलम ने इस अवसर पर भावुक होते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे पंचायत परिवार की सामूहिक मेहनत, समर्पण और एकजुटता का परिणाम है. उन्होंने पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, आंगनबाड़ी सेविका, जलसहिया, शिक्षक, चिकित्सा पदाधिकारी (CHO), कृषि मित्र और प्रज्ञा केंद्र संचालकों सहित हर उस व्यक्ति का आभार जताया, जिन्होंने इस सफलता में अपनी भूमिका निभाई.
Also Read: बार काउंसिल चुनाव: जीत कर भी हार गए महेश तिवारी,प्रयाग महतो की लगी लॉटरी
मीडिया की भूमिका भी अहम
उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया और पत्रकार साथियों का योगदान भी बेहद अहम रहा, जिन्होंने पंचायत के कार्यों और उपलब्धियों को जिला प्रशासन तक प्रमुखता से पहुंचाया.
राष्ट्रीय पहचान का लक्ष्य
समारोह के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और कर्मियों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि इसी तरह निरंतर प्रयास, पारदर्शिता और सहयोग के साथ तेलोडीह पंचायत को राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक नई पहचान दिलाई जाएगी.
यह सफलता सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि गांव की बदलती तस्वीर और मजबूत होती व्यवस्था का प्रमाण है.
