गिरिडीह: JSSC परीक्षा देकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, शादी के सात माह बाद उजड़ा परिवार

Giridih: पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव निवासी 26 वर्षीय उमेश कुमार मंडल की रविवार को सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो...

सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मौके पर जुटे लोग
सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मौके पर जुटे लोग

Giridih: पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव निवासी 26 वर्षीय उमेश कुमार मंडल की रविवार को सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई. उमेश देवघर में आयोजित जेएसएससी (झारखंड स्टाफ सिलेक्शन कमीशन) की परीक्षा देकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था. घर से कुछ ही दूरी पहले पचंबा-जमुआ मुख्य मार्ग पर परियाना के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परियाना गांव से कुछ कदम आगे स्कूल के समीप विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक का चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रक बाइक सवार युवक को कुछ दूर तक घसीटता हुआ निकल गया. हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क से गुजर रही एक एंबुलेंस को रोककर गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने पीछा कर ट्रक को पकड़ा, चालक हिरासत में

इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी लेने के साथ लोगों को शांत कराने में जुट गई. पुलिस ने भाग रहे ट्रक का पीछा किया और पथला नावाडीह के पास उसे पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया. ट्रक चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

बताया जाता है कि उमेश कुमार मंडल रविवार की सुबह जेएसएससी द्वारा आयोजित परीक्षा में शामिल होने देवघर गया था. परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था. परिवार और गांव के लोग उसकी सफलता की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली.

सात माह पहले हुई थी शादी, परिवार में मचा कोहराम

इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. उमेश की शादी करीब सात माह पहले ही हुई थी. जवान बेटे और पति की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. सदर अस्पताल में परिजनों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पत्नी, माता-पिता और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल है.

ALSO READ: पूर्व सीएम के पूर्व निजी सचिव के घर वन विभाग की छापेमारी मामला: ट्रेनी IFS अधिकारी समेत अन्य पर मामला दर्ज, पढ़ें क्या हैं पूरा मामला

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *