Ranchi: सोमवार को बीजेपी की वरिष्ठ नेत्री सीता सोरेन राजभवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की और क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर संताल परगना के प्रति सौतेला व्यवहार करने और बुनियादी विकास के नाम पर जनता को गुमराह करने का तीखा आरोप लगाया. सीता सोरेन ने कहा कि जामताड़ा समेत पूरे संताल परगना में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है, जिसके कारण विवश होकर लोगों को पलायन करना पड़ रहा है. उन्होंने जामताड़ा अस्पताल में एक गर्भवती महिला और उसकी संतान की हुई दर्दनाक मौत पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस जनहित के मुद्दे पर आवाज उठाने वाले जिला अध्यक्ष पर ही एफआईआर दर्ज कर सरकार विपक्ष का मुंह बंद करना चाहती है.
यह भी पढ़ें: करोड़ों रुपए के बैंक फ्रॉड के आरोपी संजय डालमिया को मिली बेल
नक्सल एनकाउंटर की जांच की मांग
राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दावोस से लेकर दिल्ली तक इन्वेस्टर्स समिट के नाम पर बड़े-बड़े सपने दिखाए गए, लेकिन जमीन पर कोई फलाफल नजर नहीं आया. झूठी और मनगढ़ंत कहानियों के जरिए जनता को सिर्फ दिगभ्रमित किया जा रहा है. इसके साथ ही, उन्होंने राज्य में हो रहे कथित नक्सली एनकाउंटर पर भी गंभीर सवाल खड़े किए. सीता सोरेन ने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे खुद दुमका में प्रवास कर वहां के हालात का जायजा लें.
