गिरिडीह: सदर अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Giridih: गिरिडीह सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर...

Giridih: गिरिडीह सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया. मृतक की पहचान शहर के न्यू बरगंडा निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई.

परिजनों का आरोप है कि सांस लेने में परेशानी बढ़ने के बावजूद मरीज को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराया गया. साथ ही ICU में बेड खाली होने के बावजूद उन्हें वहां शिफ्ट नहीं किया गया. उनका कहना है कि यदि समय पर उचित इलाज मिलता तो सुनील कुमार की जान बचाई जा सकती थी.

मृतक के छोटे भाई पुनिल कुमार ने बताया…

मृतक के छोटे भाई पुनिल कुमार ने बताया कि मरीज की हालत नाजुक होने पर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक को बुलाया गया, लेकिन डॉक्टर वार्ड में नहीं पहुंचे और मरीज को उनके पास लाने की बात कही. इसी दौरान सुनील कुमार की मौत हो गई. मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे. बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. कुछ समय के लिए अस्पताल का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया.

सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. अब जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मरीज की मौत किन परिस्थितियों में हुई और लापरवाही के आरोपों में कितनी सच्चाई है.

ALSO READ: गिरिडीह: गरीबों के राशन पर डाका ? 800 बोरा सरकारी चावल ले जा रहा ट्रक ग्रामीणों ने पकड़ा, जांच शुरू

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *