Latehar: आधुनिक अपराधों से निपटने और पुलिस बल की तकनीकी क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार दिनांक 17 जून को पलामू क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया. 17 जून से 19 जून तक चलने वाले इस तीन दिवसीय क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन लातेहार के टाउन हॉल में किया जा रहा है.
दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का उद्घाटन
इस उच्च स्तरीय पुलिस मीट का औपचारिक उद्घाटन पलामू प्रक्षेत्र के DIG किशोर कौशल और लातेहार के SP कुमार गौरव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया. उद्घाटन सत्र के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसिंग में व्यावसायिकता, वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक तकनीकों के समन्वय की आवश्यकता पर विशेष बल दिया.
इन मुख्य विषयों पर मिल रहा है प्रशिक्षण और प्रतियोगिता का मंच
इस तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों की कार्यकुशलता को निखारना है. इसके तहत प्रतिभागियों को न केवल सैद्धांतिक जानकारी दी जा रही है, बल्कि वास्तविक केस स्टडीज पर आधारित कठिन प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं.
इस पुलिस ड्यूटी मीट में घटना स्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और उनके सही संरक्षण की बारीकियां, जटिल मामलों को सुलझाने के लिए नए और प्रभावी कानूनी व व्यावहारिक तरीके, बढ़ते डिजिटल अपराधों पर लगाम लगाने के लिए डेटा एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक का उपयोग, न्यायालय में अकाट्य साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए उंगलियों के निशान लेने और दृश्य दस्तावेजीकरण की उन्नत तकनीक, मादक पदार्थों, विस्फोटकों और अपराधियों की खोज में श्वान दस्ते की भूमिका और उनका सटीक समन्वय जैसे बिंदु पर चर्चा होगी.
ALSO READ: जामताड़ा के नारायणपुर में आवास योजनाओं की समीक्षा, 1782 आवास अब भी अधूरे



