Koderma: जिले के डोमचांच में अगस्त क्रांति पर युवा शक्ति एक नई सोच द्वारा विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई. इसमें अपने-अपने हाथों में तिरंगा लिए लोग शामिल हुए. तिरंगा यात्रा चंद्रावती स्मारक हाई स्कूल के मैदान से शुरू हुई, जो पूरे डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र के कई इलाकों मे भ्रमण किया. तिरंगा यात्रा में प्रखंड के 26 स्कूल के छात्रों ने भाग लिया. पूरी यात्रा में भारत माता की जय,वंदे मातरम् से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा. कई लोगों ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया. तिरंगा यात्रा करीब तीन किलोमीटर लंबी थी.


शहीदों की याद में हर वर्ष श्रद्धांजलि सभा का होता है आयोजन
बता दें कि नौ अगस्त 1942 को डोमचांच के तीमुहाने पर हजारों की संख्या में लोग जमा हुए थे. अंग्रेजो के खिलाफ लोगों ने बिगुल फूंका था. इसी दौरान तत्कालीन अंग्रेज अधिकारी जी रसल ने आंदोलनकारियों पर लाठियां बरसाई थी. साथ ही गोलियां भी चलाई थी,जिसमें चुरामन मोदी, नुनमन धोबी,उदित नारायण मेहता,मंगल साव घायल हो गए थे. मौके पर ही चुरामन मोदी और नुनमन धोबी शहीद हो गए थे. जबकि बाद में उदित नारायण मेहता,मंगल साव की मौत हो गई थी. इसी दिन ही आंदोलनकारियों ने कलाली और डाक घर को फूंक दिया था. इन शहीदों की याद में हर वर्ष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता है. मौके पर जिप अध्यक्ष रामधन यादव, प्रखंड प्रमुख सत्यनारायण यादव, जिप सदस्य शांति प्रिया, संगठन सचिव सुजीत मेहता, रंजन मेहता, सुनील मेहता, अरसाद खान, प्रेमांशु कुमार समेत बिभिन्न रजानीतिक दल के नेता शामिल थे.



