Gumla: गुमला जिले के पालकोट थाना अंतर्गत तपकारा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. 19 वर्षीय एक युवक की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई. मृतक की पहचान तपकारा निवासी जगदीश नायक के पुत्र अभिषेक नायक के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, आज अहले सुबह तीन अज्ञात युवक अभिषेक को बेहद गंभीर हालत में बसिया रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे थे. डॉक्टरों ने युवक को अस्पताल में एडमिट तो कर लिया, लेकिन इसी बीच उसे छोड़ने आए तीनों युवक मौके से चुपचाप फरार हो गए. इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही पालकोट पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. पालकोट थाना प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि मृतक युवक के शरीर पर जलने के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है. पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवक की मौत के सही कारणों का पता लगा लिया जाएगा. पालकोट पुलिस ने शव को अपने कब्जे कर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया.

यह भी पढ़ें: गुमला में पुलिस को देख भाग रहे गौ तस्करों की स्कॉर्पियो पलटी, दो गोवंश घायल, तस्कर फरार
