Gumla: जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. हादसा पालकोट स्थित काली मंदिर के समीप उस समय हुआ जब शादी समारोह से लौट रही ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई.
जानकारी के अनुसार बसिया प्रखंड के लोंगा गांव निवासी आकाश साहू उर्फ बजरंग की बारात कुम्हरिया गांव गई थी. विवाह की रस्में पूरी होने के बाद शनिवार सुबह बरातियों का काफिला लौट रहा था. इसी दौरान दूल्हे के पिता कलेश्वर साहू, दीनबंधु साहू, रामवृक्ष पांडेय, मनोज ठाकुर और मुकुंद साहू एक ब्रेजा कार में सवार थे.
झपकी के कारण हुआ हादसा
बताया जाता है कि सुबह करीब छह बजे पालकोट के काली मंदिर के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में कलेश्वर साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वे घाघरा प्रखंड में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत थे. वहीं घायल दीनबंधु साहू ने इलाज के दौरान रांची ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया.अन्य घायल रामवृक्ष पांडेय, मनोज ठाकुर और मुकुंद साहू का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है. इनमें एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलने पर पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने से हादसा होने की बात सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


