Gumla: जिला के शहीद तेलंगा खड़िया क्रिकेट स्टेडियम में जेएससीए द्वारा आयोजित इंटर डिस्टिक अंडर-19 टी20 वीमेंस क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को गुमला की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए खूंटी को 4 विकेट से पराजित कर दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी खूंटी की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए. खूंटी की ओर से ऋषिका ने 37 गेंदों में 32 रन की पारी खेली, जबकि दिव्या कुमारी ने 24 रन नाबाद बनाए. अंचल मुंडा ने 19 रन का योगदान दिया। गुमला की गेंदबाजी में स्वेता कुमारी और मेघा तिर्की ने 2-2 विकेट हासिल किए.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुमला की टीम ने 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया. सीमा कुमारी ने 26 गेंदों में 31 रन की अहम पारी खेली, जबकि अंतरा कुमारी ने 20 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। मेघा तिर्की ने 23 रन का योगदान दिया. खूंटी की ओर से रिया कुमारी और काजल कुमारी ने 2-2 विकेट लिए. शानदार प्रदर्शन के लिए सीमा कुमारी और अंतरा कुमारी को संयुक्त रूप से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
सिमडेगा की एकतरफा जीत, पलामू को 203 रनों से हराया
सिमडेगा और पलामू के बीच खेले गए मुकाबले में सिमडेगा की टीम ने शानदार और एकतरफा प्रदर्शन करते हुए पलामू को 203 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिमडेगा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्मी कुमारी ने 38 गेंदों में 57 रन बनाए, माही आनाया ने 30 गेंदों में नाबाद 49 रन और अनाया सत्ती ने 26 गेंदों में 44 रन का योगदान दिया.
Also Read: मंत्री सुदिव्य सोनू ने किया डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेमोरियल भवन का उद्घाटन, कहा–सबके लिए उपयोगी बने
जवाब में पलामू की टीम मात्र 10.1 ओवर में 25 रन पर ऑल आउट हो गई. सिमडेगा की ओर से ईशा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में मात्र 1 रन देकर 4 विकेट झटके. तनिष्का और श्रेया मैती ने 2-2 विकेट हासिल किए. ईशा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
मैच संचालन और उपस्थिति
मैच रेफरी की जिम्मेदारी जेएससीए से आए मनोज सिंह ने निभाई, जबकि अंपायर की भूमिका जितेंद्र कुमार और अजय पाठक ने निभाई. स्कोरर शशि भूषण मिश्रा रहे. मौके पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव जीतेन्द्र सिंह, मनोज चौधरी, अंकित विश्वकर्मा, ज्ञान प्रकाश, मधुसूदन उरांव, पुनीत सोनी, हरीश पासवान, आयुष अग्रवाल, सनी साहू, विनीत नाग, शशिरंजन, पंकज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे.
