Gumla: सदर थाना क्षेत्र के पुग्गु खोपा टोली गांव में दोस्ती को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. गांव निवासी करीब 42 वर्षीय अनु भूषण टोप्पो की उसके ही मित्र जगन्नाथ उरांव उर्फ बोचे ने पत्थर के बड़े सिलबट्टे (सिल्लोड) से सिर कुचलकर हत्या कर दी घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
मुंबई से लौटने के बाद साथ कर रहे थे खेती-बाड़ी
जानकारी के अनुसार अनु भूषण टोप्पो और आरोपी जगन्नाथ उरांव गहरे मित्र थे. दोनों जून माह में मुंबई से मजदूरी कर गांव लौटे थे और खेती-बाड़ी का काम कर रहे थे. बुधवार रात दोनों एक ही घर में सोए थे. इसी दौरान आधी रात को जगन्नाथ ने कथित तौर पर बड़े सिल्लोड से अनु भूषण के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी.
हत्या के बाद दूसरे घर में जाकर सो गया आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव के ही एक दूसरे घर में जाकर सो गया. सुबह होने पर वह खुद गुमला सदर थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, मानसिक स्थिति सहित अन्य कारणों की भी पड़ताल की जाएगी.
