Gumla: जिले की पुलिस ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया है. यह कार्रवाई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की. बताया गया कि बिना वैध कागजात के बालू का परिवहन किया जा रहा था. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संबंधित क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया.

पुलिस को देख चालक हुए फरार
पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. काफी तलाश के बाद भी चालक पुलिस के हाथ नहीं लगे. जब्त किए गए तीनों ट्रैक्टरों को अरमई बायपास चौक स्थित पुलिस पिकेट लाया गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
Also Read: गुमला:नगर परिषद की बैठक में, शहर विकास एवं राजस्व वसूली को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय
खनन विभाग ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिला खनन पदाधिकारी विभूति कुमार ने बताया कि अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की सराहना
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध बालू उठाव से नदियों का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
