Hazaribagh: जिले के बड़कागांव स्थित एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बुधवार को बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल के पास हथियारबंद अपराधियों ने कोयला ढुलाई में लगे एक खाली हाइवा को आग के हवाले कर दिया. इस घटना में हाइवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. इस घटना का जिम्मा राहुल दुबे गैंग ने लिया है और कहा जितना जल्दी हो सके मैनेज करो.
चालक के साथ बेरहमी से मारपीट किया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा बानादाग रेलवे साइडिंग की ओर जा रहा था. इसी दौरान 13 माइल के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने वाहन को जबरन रुकवाया. चालक के साथ बेरहमी से मारपीट करने के बाद बदमाशों ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर वाहन में आग लगा दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था.
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. सुरक्षा कारणों से कोयला परिवहन का काम पूरी तरह ठप कर दिया गया है. सड़क के दोनों ओर कोयला लदे और खाली वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई है.
यह भी पढ़ें: डिजिटल लेन-देन की दिशा में झारखंड की बड़ी पहल, JSLPS और इंडियन बैंक में समझौता
