Lohardaga : शहर के मिशन चौक में लंबे समय से प्रतीक्षित श्री राम दरबार मंदिर निर्माण का शिलान्यास समारोह मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ. वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में निशा उरांव तथा रोहित प्रियदर्शी शामिल हुए. दोनों अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर मंदिर निर्माण की नींव रखी और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं.
भगवान श्रीराम को वनवासी राम के रूप में पूजता आया है
अपने संबोधन में आयुक्त निशा उरांव ने भगवान श्रीराम और आदिवासी समाज के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आदिवासी समाज सदियों से भगवान श्रीराम को वनवासी राम के रूप में पूजता आया है. उन्होंने कहा कि वनवास काल के दौरान आदिवासी समाज ने भगवान श्रीराम का साथ दिया था और रामायण काल से ही दोनों के बीच गहरा संबंध रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि रामराज्य की परिकल्पना में आदिवासी समाज की भागीदारी और योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहेगा. वहीं रोहित प्रियदर्शी ने आयोजन समिति एवं शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि श्री राम दरबार मंदिर का निर्माण लोहरदगा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती देगा. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा, त्याग और आदर्श जीवन के प्रतीक हैं तथा यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य करेगा.

धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत
शिलान्यास समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए और मंदिर निर्माण की शुरुआत पर हर्ष व्यक्त किया. स्थानीय लोगों ने कहा कि मिशन चौक में श्री राम दरबार मंदिर निर्माण की मांग कई वर्षों से की जा रही थी, जो अब साकार होने जा रही है. मंदिर बनने से क्षेत्रवासियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक प्रमुख केंद्र उपलब्ध होगा. कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, दीपक जायसवाल, निश्चय वर्मा, विशाल डुंगडुंग, सुनील अग्रवाल, मनोज जायसवाल, रवि वर्मा, सचिन सिंघानिया, विनय अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, कुमार संदीप सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. सभी ने मंदिर निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कर इसे भव्य स्वरूप देने का संकल्प लिया. श्री राम दरबार मंदिर के शिलान्यास के साथ ही लोहरदगा में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है.
Also Read : मिशनरी स्कूलों में दोहरे मापदंड पर भड़कीं IRS अफसर निशा उरांव, तेजी से वायरल हो रहा सोशल मीडिया पोस्ट


