प्रशांत शर्मा
Hazaribagh: दारू प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सामने सड़क की खराब स्थिति और फैले मलबे ने आगामी रामनवमी जुलूस को लेकर चिंता बढ़ा दी है. जानकारी के अनुसार एलएनटी कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क की ढलाई तोड़ दी गई, लेकिन काम के बाद मलबा और लोहे के नुकीले रॉड के टुकड़े वहीं छोड़ दिए गए हैं. यह मार्ग काफी व्यस्त माना जाता है और इसी रास्ते से हर वर्ष रामनवमी का जुलूस भी गुजरता है. सड़क पर फैला मलबा और नुकीले लोहे के टुकड़े किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी ने पाइपलाइन को नाली के अंदर ही डाल दिया है, जिससे नाली का गंदा पानी अब सड़क पर बह रहा है. इससे राहगीरों के साथ-साथ जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

प्रशासन से संज्ञान लेने की मांग
गौरतलब है कि इसी मार्ग से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल अधिकारी (सीओ) सहित अंचल और प्रखंड कार्यालय के कर्मचारी प्रतिदिन गुजरते हैं. इसके बावजूद अब तक इस समस्या पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और सफाई नहीं कराई गई, तो रामनवमी जुलूस के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी.लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए और एलएनटी कंपनी को सड़क जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया जाए.
