हजारीबाग: DC ने लोकनायक जयप्रकाश केंद्रीय कारा और निर्माणाधीन शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज परिसर का किया निरीक्षण

Hazaribagh: डीसी हेमंत सती ने सोमवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण केन्द्रीय कारा का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूरे जेल...

Hazaribagh: डीसी हेमंत सती ने सोमवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण केन्द्रीय कारा का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूरे जेल परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. मौके पर जेल अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मुलाकाती कक्ष पहुंचकर कैदियों के परिजनों से बातचीत की तथा कैदियों के लिए लाई जा रही सामग्रियों की जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया. उन्होंने कारा परिसर में संचालित पारा लीगल सेल के वॉलेंटियर से बातचीत कर कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सेवाओं की जानकारी ली. जेल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए डीसी ने पेयजल व्यवस्था, शौचालय, शेड, सीसीटीवी सर्विलांस रूम, वॉच टावर एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने होमगार्ड जवानों के कार्यों का भी जायजा लिया. इसके अलावा जेल परिसर के भीतर संचालित प्रिंटिंग प्रेस, फाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, हैंडलूम एवं पावरलूम इकाई का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों को बारे में जाना. साथ ही जेल के किचेन, अस्पताल वार्ड तथा दवाओं की उपलब्धता की भी जांच की और आवश्यक निर्देश दिए.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग जेल रोड पर गिरा विशाल पीपल का पेड़, टला बड़ा हादसा, मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित, बिजली के तार क्षतिग्रस्त

हजारीबाग खुला जेल सह पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण

इसके बाद उपायुक्त ने हजारीबाग खुला जेल सह पुनर्वास केंद्र का भी निरीक्षण किया. यहां उन्होंने सजायाफ्ता कैदियों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली. सभी कैदियों के आधार कार्ड निर्माण की स्थिति की समीक्षा की. साथ ही परिसर में स्थित पशु शेड का भी निरीक्षण किया. इस दौरान कैदियों ने पशुपालन के क्षेत्र में प्रशिक्षण की इच्छा जताई, जिस पर उपायुक्त ने शीघ्र प्रशिक्षण की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया.

निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निरीक्षण

अपने भ्रमण के क्रम में उपायुक्त हेमंत सती ने निर्माणाधीन शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर का भी निरीक्षण किया. उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति का अवलोकन किया. मौके पर उपस्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य को आवश्यक निर्देश दिए तथा कार्यकारी एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा. साथ ही मेडिकल कॉलेज के मानचित्र एवं प्रगति से संबंधित बिंदुओं के साथ विस्तृत बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया.

यह भी पढ़ें: झारखंड में बदलते सियासी फिजा की तरह बादलों की भी लुकाछिपी: चढ़ेगा पारा, वज्रपात और आंधी का अलर्ट 

पुराने समाहरणालय भवन परिसर का भी किया भ्रमण

इसके बाद उपायुक्त ने पुराने जिला समाहरणालय परिसर का भ्रमण कर वहां पुराने एवं निष्क्रिय भवनों की वर्तमान उपयोगिता एवं संभावित उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *