Ranchi: एक तरफ राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की फिजा बदल रही है. उसी तरह झारखंड के आसमान में इन दिनों बादलों और सूरज के बीच शह-मात का खेल चल रहा है. एक तरफ जहां बंगाल की खाड़ी और मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र (Cyclonic Circulation) के कारण राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ रही है. वहीं दूसरी तरफ सूरज के तेवर भी तीखे होने वाले हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में सूबे के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी का अहसास बढ़ेगा. हालांकि, इस तपिश के बीच राहत और आफत दोनों साथ आ रही है. 7 जून तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान, वज्रपात (बिजली गिरने) और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा.

मौसम का मौजूदा मिजाज और तापमान के आंकड़े
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसमें हजारीबाग में सबसे ज्यादा 9.6 मिलीमीटर वर्षा हुई. डाल्टनगंज 39.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. डाल्टनगंज में 39.2, सराइकेला में 36.1, बोकारो थर्मल में 35.5, पाकुड़ में 35.5, चाईबासा में 35.2, जमशेदपुर में 34.4, खूंटी में 34.0, लोहरदगा में 33.3, रांची में 33.0 और लातेहार में 29.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
7 जून तक कैसा रहेगा पूरे राज्य का हाल
मौसम केंद्र के अनुसार, 1 से 3 जून तक राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों (रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम आदि) में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी. 4 जून को यह सिस्टम उत्तर-पूर्वी (देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज) और उससे सटे मध्य भागों में सक्रिय रहेगा. 5 से 7 जून के बीच एक बार फिर दक्षिणी और मध्य झारखंड में बादलों का डेरा रहेगा और बारिश की संभावना बनी रहेगी.
मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. 1 से 7 जून के बीच (विशेषकर 4 जून को उत्तर-पूर्वी भागों में और बाकी दिनों में दक्षिणी व मध्य भागों में) कहीं-कहीं गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है.
राजधानी रांची और आसपास का सात दिनों का लेखा-जोखा
रांची में 1 जून को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं. 2 और 3 जून को दोपहर या शाम को आंशिक बादल छाएंगे और गर्जन वाले बादल बन सकते हैं, जिससे पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा. इसके बाद 4 और 5 जून को आसमान मुख्यतः साफ और मौसम शुष्क रहेगा. जिससे अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. हालांकि, 6 और 7 जून को एक बार फिर रांची में आंशिक बादल छाने और गर्जन वाले बादल बनने से मौसम का मिजाज बदलेगा.
ALSO READ: हजारीबाग में 138 बोतल अवैध कफ सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया जेल
