Hazaribagh: इचाक थाना क्षेत्र के नेशनल पार्क इलाके में मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई. शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की. प्रभारी संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया महिला की मौत दो से तीन दिन पूर्व होने का अनुमान है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

पहचान के लिए जुटाई जा रही जानकारी
महिला की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के संबंधित थानों को सूचना भेजी है. विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. इसके अलावा पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान और उसके नेशनल पार्क क्षेत्र में पहुंचने से संबंधित जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. महिला की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि महिला नेशनल पार्क क्षेत्र में कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.

