Hazaribagh: उपायुक्त एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बरही क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया. टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्वेता त्रिपाठी, अम्बरीश पांडेय एवं डॉ. नावेद अंजुम शामिल थे. निरीक्षण के दौरान खोड़ाहर स्थित प्रदीप कुशवाहा के प्रतिष्ठान में खाद्य लाइसेंस व पंजीकरण नहीं पाए जाने पर मौके पर नोटिस जारी किया गया. इसके बाद होटल हर्षित राज फैमिली रेस्टोरेंट के किचन की जांच की गई, जहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई.

एक्सपायर्ड उत्पाद जब्त, तेल के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
धनबाद रोड स्थित मधुलिका रिटेल शॉप एवं मधुलिका स्वीट्स का भी निरीक्षण किया गया. वहीं गौतम स्टोर में जांच के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया. यहां भी लाइसेंस व पंजीकरण नहीं मिलने पर नोटिस दिया गया. बिनय स्वीट्स में बड़ी मात्रा में मानक के अनुरूप नहीं पाई गई मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया. टीम ने फॉर्च्यून सरसों तेल का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया. इसके अलावा गया रोड स्थित सनमति ट्रेडर्स से भी सरसों तेल का नमूना लिया गया, जिसे प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा.

नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण दल में विकास शर्मा, सूरज कुमार एवं धनश्वर कुशवाहा भी शामिल थे. विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत स्वच्छता बनाए रखने, वैध लाइसेंस रखने एवं नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है. उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

ALSO READ: लोहरदगा: धीरज प्रसाद साहू से मिले दीपांकर कुमार, शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान

