Hazaribagh : जिला के नवसृजित आवासीय बालिका बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र के लिए चयन प्रक्रिया शुरू होने वाली है. साल 2026-27 के लिये चयन किया जाना है. इसके लिए 26 मई से 30 मई 2026 तक प्रतिभा चयन प्रतियोगिता आयोजित होगी. चयन प्रतियोगिता का आयोजन कर्जन स्टेडियम में होगा. जानकारी हो कि प्रशिक्षण केंद्र खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय की ओर से संचालित है. प्रतियोगिता का आयोजन सुबह 7 बजे से किया जाएगा. चयन प्रक्रिया बैटरी टेस्ट और खेल विशेष कौशल परीक्षण के आधार पर संपन्न होगी.

10 से 14 वर्ष की बालिकाएं ले सकेंगी भाग
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 10 से 14 वर्ष निर्धारित की गई है. केवल वे बालिकाएं आवेदन कर सकेंगी, जिनकी जन्मतिथि 1 अप्रैल 2012 से 1 अप्रैल 2016 के बीच हो. साथ ही झारखंड राज्य का निवासी होना अनिवार्य होगा.
प्रतिभागियों को चयन प्रक्रिया के दौरान आधार कार्ड, पंचायत/नगर निकाय द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, विद्यालय का पहचान पत्र साथ लाना होगा. जिसमें जन्मतिथि अंकित हो.
चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में चयनित खिलाड़ियों को विभाग की ओर से निशुल्क आवास, भोजन, खेल किट, खेल उपकरण और उत्कृष्ट प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा खिलाड़ियों को अन्य आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी. प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी.
यहां से प्राप्त करें आवेदन पत्र
इच्छुक प्रतिभागी आवेदन पत्र कर्जन स्टेडियम स्थित जिला खेल कार्यालय, हजारीबाग से प्राप्त कर सकते हैं. आवेदन पत्र जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है.
इन अधिकारियों से कर सकते हैं संपर्क
प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए खेल प्रशिक्षक एवं खेल समन्वयकों से संपर्क किया जा सकता है. नीरज कुमार राय 9470337652, सुश्री अनुपमा रंजन 8825151970, विकास कुमार दास 7667122887.
ALSO READ : अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की नौ प्राथमिकी, चार गिरफ्तार, पांच फरार
