Gumla : चैनपुर थाना क्षेत्र के थानाडड़गांव के समीप एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना बीती रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक युवक एक ही बाइक पर सवार होकर चैनपुर से अपने गांव उजड़ा लौट रहे थे. इसी दौरान थानाडड़गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक आम के पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद तीनों के शव घंटों तक घटनास्थल पर ही पड़े रहे.
घटना की सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. मृतकों की पहचान डुमरी थाना क्षेत्र के उजड़ा गांव निवासी आर्यन टोप्पो पिता कुलदीप टोप्पो, संजीत केरकेट्टा पिता स्वर्गीय घुमेश्वर केरकेट्टा और अक्षय केरकेट्टा पिता जितेंद्र केरकेट्टा बतायी गयी. घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया है. संजीत केरकेट्टा की मां बिमला केरकेट्टा ने रोते हुए बताया कि तीनों युवक घर से पुटरूगी जाने की बात कहकर निकले थे. लेकिन रास्ते में ही इस भयानक हादसे का शिकार हो गए. पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है.

ALSO READ : अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की नौ प्राथमिकी, चार गिरफ्तार, पांच फरार
