Hazaribagh: 16वीं जूनियर एवं सब-जूनियर झारखंड राज्य तैराकी चैंपियनशिप में हजारीबाग के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 46 पदक अपने नाम किए. खेलगांव, रांची में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 20 तैराकों ने हिस्सा लिया और 20 स्वर्ण, 15 रजत तथा 11 कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया. इसके साथ ही बॉयज ग्रुप-2 में हजारीबाग जिला ओवरऑल चैंपियन बना.
अक्षय मिश्रा और निलेश कुमार रहे आकर्षण का केंद्र
अक्षय मिश्रा ने 50, 100 और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 50 मीटर बटरफ्लाई, 100 मीटर फ्रीस्टाइल तथा 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले और 4×50 मीटर मेडले रिले में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया. उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें ग्रुप-1 का इंडिविजुअल चैंपियन घोषित किया गया.
वहीं, निलेश कुमार ने 200 मीटर आईएम और 100 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण, 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 100 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत तथा 4×50 मीटर मेडले रिले में कांस्य पदक जीता. उन्हें ग्रुप-4 का बेस्ट प्लेयर ट्रॉफी भी प्रदान की गई.
अन्य खिलाड़ियों ने भी किया शानदार प्रदर्शन
पियूष राणा ने दो स्वर्ण और पांच रजत पदक जीते. अर्चित रंजन ने तीन कांस्य पदक अपने नाम किए. शल्या राज ने दो कांस्य पदक जीते. रुद्र प्रताप ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया. मान आर्य ने एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीता. निश्चय कुमार ने तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किए. रूपम राज गुप्ता ने तीन स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया.
संघ पदाधिकारियों ने दी बधाई
जिला तैराकी संघ के सचिव प्रहलाद सिंह, टेक्निकल ऑफिशियल मनु कुमार राणा, गणपति राम और टीम मैनेजर गौरव कुमार राणा के नेतृत्व में टीम ने प्रतियोगिता में भाग लिया. इस उपलब्धि पर तैराकी संघ के संरक्षक विपिन कुमार सिंह, सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, अध्यक्ष हर्ष अजमेरा समेत कई जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
ALSO READ: हजारीबाग में जल-जंगल-जमीन की लूट का आरोप, झील सुंदरीकरण के ₹13.97 करोड़ कार्य की जांच की मांग
