Koderma: सावन माह के पावन अवसर पर कोडरमा के चर्चित लोकगायक दीपक सिंह एक बार फिर अपने नए बोल बम भजन के साथ श्रोताओं के बीच आने वाले हैं. इस भजन की शूटिंग बरसोत स्थित कुलेश्वरी पहाड़ के समीप प्राकृतिक जंगलों में हुई है. भजन में भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान किया गया है. साथ ही ध्वजाधारी धाम और झरनाकुंड धाम की विशेष महत्ता को भी दर्शाया गया है. इस भजन में दीपक सिंह के साथ खोरठा एवं भोजपुरी लोकगायिका मनिता श्री ने भी अपनी मधुर आवाज दी है. भजन का संगीत प्रशांत सिंह ने तैयार किया है. इसकी रिकॉर्डिंग शहंशाह स्टूडियो, कोडरमा में हुई है, जबकि वीडियो निर्माण रोमियो स्टूडियो, बरही द्वारा किया गया है.
यह भी पढ़ें: रांची विश्वविद्यालय की छात्रा अंजना महतो अंतरराष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
शानदार लोकेशन पर हुई है शूटिंग
भजन के निर्देशक माही सोनू ने बताया कि जल्द ही यह भजन रिलीज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में एक से बढ़कर एक लोकगीत भी दर्शकों के बीच प्रस्तुत किए जाएंगे और इसके लिए श्रोताओं का सहयोग व प्यार जरूरी है. वहीं, वीडियो डायरेक्टर दिलीप रोमियो ने कहा कि भजन की शूटिंग बेहद शानदार लोकेशन पर की गई है और इसका वीडियो दर्शकों को काफी पसंद आएगा. उन्होंने सभी से अपना आशीर्वाद और समर्थन बनाए रखने की अपील की. इस भजन में अभिनेत्री शोभा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी. कैमरा संचालन मुकेश भाई ने किया है. अन्य सहयोगियों में सुमित्रा यादव, रवि पांडेय, बाबू अशोक, कोरियोग्राफर दीपक, पवन और झरी भाई शामिल रहे.
