Hazaribagh : शहर के एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद देर रात एक महिला की मौत हो जाने से जमकर हंगामा हुआ. मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है. जानकारी के अनुसार, पदमा थाना क्षेत्र की रहने वाली सुशीला देवी को बच्चेदानी (यूटरस) के ऑपरेशन के लिए परिजन शहर के जीवन ज्योति नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे. परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
परिजनों और ग्रामीणों ने किया विरोध
महिला की मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन और ग्रामीण नर्सिंग होम पहुंच गए और अस्पताल परिसर में विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान गुस्साए लोगों ने अस्पताल के शटर और ताला तोड़ने का भी प्रयास किया. सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.मृतका के पति किशोरी भुइयां, परिजन उर्मिला देवी और सुरजपुरा पंचायत के मुखिया सीताराम मेहता ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की.

पुलिस कर रही जांच
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.


