Koderma: 29 जून 2026 को जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार ने पल्स पोलियो अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर चेहाल, सतडीहा एवं इरगोबाद क्षेत्र में हाउस-टू-हाउस भ्रमण कर अभियान का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर चेहाल अंतर्गत ऊपर चेहाल गांव में उपचाराधीन एक महिला कुष्ठ रोगी का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. जांच के क्रम में मरीज में ग्रेड-2 दिव्यांगता पाई गई. डॉ. रमण कुमार ने दिव्यांगता की प्रगति रोकने के लिए मरीज को नियमित रूप से सेल्फ-केयर (स्व-देखभाल) करने तथा एमसीआर (MCR) चप्पल का नियमित उपयोग करने की सलाह दी.
संपर्क व्यक्तियों की जांच और उपचार के दिए निर्देश
उन्होंने एएनएम संजू एक्का एवं सीएचओ नुसरत परवीन को निर्देश दिया कि मरीज के सभी पारिवारिक एवं सामाजिक संपर्क व्यक्तियों की संपूर्ण शारीरिक जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि कुष्ठ रोग के लक्षण पाए जाने पर तत्काल उपचार शुरू किया जा सके. साथ ही मरीज के सभी योग्य पारिवारिक एवं सामाजिक संपर्कों को सिंगल डोज रिफैम्पिसिन (SDR) उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया. इस अवसर पर जिला डाटा प्रबंधक (आईडीएसपी) अविनाश आनंद, सीएचओ नुसरत परवीन, एएनएम संजू एक्का, सहिया एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे.

ALSO READ : कोडरमा: SIR-2026 को लेकर सोशल मीडिया जागरूकता अभियान, 30 जून को #JharkhandSIR के साथ चलेगा विशेष अभियान


