Hazaribagh: झारखंड की पहचान जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक सुंदरता से होती है. खासकर बरसात के मौसम में राज्य के प्राकृतिक झरने लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. हजारीबाग जिले के ईचाक प्रखंड में स्थित सिकरी नाला झरना भी इन दिनों सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. डाढ़ा पंचायत के बभनी गांव स्थित बांका मोहल्ले में मौजूद यह प्राकृतिक झरना बारिश के बाद अपने पूरे शबाब पर है.

65 से 70 फीट की ऊंचाई से गिरता है पानी
सिकरी झरने का पानी करीब 65 से 70 फीट की ऊंचाई से चट्टानों के बीच गिरता है. बारिश के बाद झरने का प्रवाह तेज हो गया है, जिससे आसपास का प्राकृतिक नजारा और भी खूबसूरत हो गया है. झरने की खूबसूरती देखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं.

छुट्टी के दिनों में बढ़ जाती है भीड़
छुट्टी के दिनों में सिकरी झरने पर पिकनिक मनाने और प्रकृति का आनंद लेने वालों की संख्या बढ़ जाती है. झरने के नीचे गिरते पानी में लोग स्नान करते हैं, जबकि कई पर्यटक इसकी खूबसूरती को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आते हैं. चारों ओर फैली हरियाली, पहाड़ी क्षेत्र और झरने से निकलती कल-कल की आवाज पर्यटकों को सुकून और रोमांच का अहसास कराती है. स्थानीय लोगों के लिए भी यह स्थल बरसात के मौसम में मनोरंजन और सैर-सपाटे का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है.
हजारीबाग से करीब 40 किलोमीटर दूर
सिकरी झरना जिला मुख्यालय हजारीबाग से करीब 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. प्राकृतिक दृष्टि से यह क्षेत्र काफी आकर्षक है. हालांकि झरने तक पहुंचने का रास्ता कुछ स्थानों पर चुनौतीपूर्ण है, लेकिन प्राकृतिक सुंदरता सैलानियों को यहां तक खींच ला रही है.
कास की जरूरत, पर्यटन को मिल सकता है बढ़ावा
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि जिला प्रशासन झरने के विकास और पहुंच पथ को बेहतर बनाने की दिशा में पहल करे, तो सिकरी झरना जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है. ग्रामीणों ने सड़क, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की मांग की है. लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और पर्यटन विभाग की पहल से इस प्राकृतिक स्थल को बेहतर तरीके से विकसित किया जाएगा. इससे सैलानियों को सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं. सिकरी झरना आने वाले समय में हजारीबाग के पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना सकता है.


