तेज रफ्तार और अंधे मोड़ बने हादसों की वजह, प्रशासन सख्त, डीसी के निर्देश पर हजारीबाग में ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण

Hazaribagh : जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से उपायुक्त हेमन्त सती के...

Hazaribagh : जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर जिला प्रशासन एवं जिला सड़क सुरक्षा टीम ने संयुक्त रूप से ब्लैक स्पॉट तथा दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की पहचान करते हुए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

संयुक्त टीम ने किया भौतिक निरीक्षण

निरीक्षण अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, मोटर यान निरीक्षक तथा जिला सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य शामिल रहे. टीम ने जिले के विभिन्न चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर दुर्घटनाओं की वजहों का आकलन किया.

मासीपिढ़ी, डेमोटांड़ और मोरांगी में तेज रफ्तार सबसे बड़ी चुनौती

जांच के दौरान मासीपिढ़ी चौक, डेमोटांड़ एवं मोरंगी क्षेत्र में वाहनों की अत्यधिक गति को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण पाया गया. अधिकारियों ने माना कि निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं होने से इन इलाकों में हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।.यूपी मोड़ पर अंधा मोड़ और तीव्र ढलान से बढ़ रहा खतरा दुर्घटना संभावित यूपी मोड़ का निरीक्षण करते हुए टीम ने पाया कि सड़क की तीव्र ढलान और अंधा मोड़ यहां दुर्घटनाओं की आशंका को कई गुना बढ़ा देते हैं. अधिकारियों ने इस स्थान पर तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने की आवश्यकता जताई.

एनएचएआई को चेतावनी संकेत और रंबल स्ट्रिप लगाने का निर्देश

संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रांची को निर्देश दिया कि चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों एवं मोड़ों पर जल्द से जल्द साइनबोर्ड, रंबल स्ट्रिप, ब्लिंकर और गति सीमा संबंधी संकेतक लगाए जाएं. प्रशासन का मानना है कि समय रहते चेतावनी मिलने से सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है.

मोरंगी पेट्रोल पंप संचालक को भी दिए गए निर्देश

निरीक्षण के क्रम में मोरंगी स्थित एक पेट्रोल पंप के संचालक को भी सड़क सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने कहा कि पेट्रोल पंप के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था होने से मुख्य सड़क पर यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम रहेगा.

वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सड़क संकेतकों का सम्मान करने तथा मोड़ एवं ढलान वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी उपायों से नहीं, बल्कि लोगों की जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार से भी सुनिश्चित होगी.

Also Read : बोकारो: बेरमो पुलिस ने वास्तविक मालिकों को सौंपे चोरी हुए 83 मोबाइल, पुलिस की पहल से मोबाइल पाने वालों के चेहरे खिले

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *