Ranchi: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के चुन्ना भट्टा चौक के पास स्थित कुम्हार टोली में हुई एक चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर लिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सटीक इनपुट के आधार पर गजनी सहित दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों में सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के चुन्ना भट्टा चौक (मूल निवासी: अठमलगोला थाना, पटना) के किरायेदार रोहित कुमार सिंह उर्फ गजनी (उम्र 26 वर्ष) और सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के किशोरगंज रोड नं0-03 निवासी रवि कुमार चौरसिया शामिल हैं. पुलिस ने दोनों के पास से चोरी किए गए डॉलर, गहने, स्मार्टफोन और अन्य सामान बरामद किये हैं.
घर में घुसकर चोरी की थी लाखों के जेवरात और नगदी
जानकारी के अनुसार, कुम्हार टोली (चुन्ना भट्टा चौक) निवासी विजय प्रजापति के घर में बीते 20 जून की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला था. चोरों ने घर में घुसकर सोने-चांदी के गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिए थे. इस संबंध में विजय प्रजापति ने 23 जून को सुखदेवनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी.

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, रात में हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, तो संदिग्ध रोहित कुमार सिंह उर्फ गजनी का सुराग मिला. पुलिस ने 25 जून की रात को छापेमारी कर रोहित को उसके ठिकाने से पकड़ लिया. पूछताछ में रोहित की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी रवि कुमार चौरसिया को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. दोनों को जेल भेज दिया गया. गजनी पर सुखदेव नगर थाना में पहले से जानलेवा हमला, मारपीट, रंगदारी और चोरी के मामले दर्ज हैं.
डॉलर और सोने-चांदी के जेवरात बरामद
आरोपियों के पास से 76 डॉलर, सोना-चांदी के गहने, नकदी, चांदी के सिक्के और रोल गोल्ड के गहने बरामद किये गये हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी में सुखदेव नगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा के अलावा पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे.
यह भी पढ़ें: धनबाद में भीषण टक्कर: मुहर्रम के दिन दर्दनाक सड़क हादसा, युवक रियाज अंसारी की मौके पर ही मौत


