Sahibganj: जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य पथ पर चतरा धोगड़ा के आगे क्रशर के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य युवक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई. वहीं, एक युवक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. मृतकों में झारखंड पुलिस का एक जवान भी शामिल है.
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, उधवा के रहने वाले हृदय कुमार सरकार (35 वर्ष) झारखंड पुलिस में जवान थे और वर्तमान में उनकी तैनाती गोड्डा कोर्ट में थी. वे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर गोड्डा से अपने घर उधवा लौट रहे थे.

इसी दौरान, विपरीत दिशा से तीन युवक, सनाउल अंसारी, साहिल अंसारी और मिराज अंसारी एक ही बाइक पर सवार होकर वृंदावन से बोरियो की तरफ आ रहे थे. चतरा धोगड़ा के पास क्रशर के समीप दोनों बाइकों की रफ्तार तेज होने के कारण उनकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए.
दो की मौके पर मौत, अस्पताल में तीसरे ने तोड़ा दम:
इस भीषण दुर्घटना में बुलेट सवार पुलिस जवान हृदय कुमार सरकार और दूसरी बाइक पर सवार वृंदावन निवासी मिराज अंसारी (25 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों (साहिल अंसारी और सनाउल अंसारी) को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. हालांकि, जख्मों की ताब न सहते हुए इलाज के दौरान साहिल अंसारी ने भी दम तोड़ दिया. तीसरे घायल सनाउल अंसारी का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
मामा के घर घूमने आ रहा था युवक
घटना के संबंध में दनवार के रहने वाले करीम अंसारी ने बताया कि मृतक मिराज अंसारी उनका सगा भांजा था. वह अपने कुछ दोस्तों के साथ अपने मामा के घर दनवार घूमने के लिए आ रहा था, लेकिन रास्ते में ही इस भयानक हादसे का शिकार हो गया.
