Hazaribagh: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहसिंघना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर देर रात की गई छापेमारी में अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 6.28 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है. यह कार्रवाई झील के निकट स्थित 03 नंबर झील की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर की गई, जहां लंबे समय से नशे के कारोबार की सूचना मिल रही थी.

गुप्त सूचना पर बनी छापेमारी टीम
पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को सूचना मिली थी कि झील के पास कुछ लोग अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापा मारा. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें मो. वाजिद अंसारी, उम्र लगभग 21 वर्ष, निवासी कोलेढी मस्जिद के पास, थाना लोहसिंघना, जिला हजारीबाग और मो. वसीम आलम, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी बनहे सिमरिया, थाना सिमरिया, जिला चतरा शामिल हैं.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में लोहसिंघना थाना कांड संख्या 59/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b)/29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
Read Also: रांची: पीएलएफआई उग्रवादी संगठन का सुप्रीमों कमांडर लापुंग इलाके से गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ-
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. वाजिद अंसारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ लोहसिंघना थाना में वर्ष 2022 में मारपीट और पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
शहर में बढ़ता नशे का कारोबार बना चिंता का विषय
हजारीबाग शहर और आसपास के इलाकों में इन दिनों ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों का कारोबार तेजी से फैलने की चर्चा है. खासकर युवाओं को निशाना बनाकर यह नेटवर्क सक्रिय बताया जा रहा है. झील और सुनसान इलाकों में नशे की खरीद-बिक्री की लगातार शिकायतें मिलती रही हैं. हालिया कार्रवाई के बाद पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ऐसे अड्डों पर लगातार अभियान चलाया जाएगा.
