RANCHI: झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और अटूट आस्था के केंद्र निवारणपुर स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में मंगलवार को भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रभु श्री राम और माता जानकी से समस्त झारखंड वासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
झारखंड के कल्याण की प्रार्थना
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि तपोवन मंदिर न केवल रांची, बल्कि पूरे राज्य की ऐतिहासिक धरोहर है. उन्होंने कहा कि राज्य की प्रगति और यहाँ के नागरिकों की उन्नति ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रभु श्री राम से यही प्रार्थना है कि हमारा झारखंड उन्नति के पथ पर अग्रसर रहे और हर घर में खुशहाली आए.
भव्य रूप ले रहा है तपोवन मंदिर
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व्यक्तिगत रूप से तपोवन मंदिर के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. सरकार का लक्ष्य इस ऐतिहासिक मंदिर को देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है.
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
मुख्यमंत्री और विधायक के मंदिर आगमन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित थे. विधायक कल्पना सोरेन ने भी मंदिर की महत्ता पर जोर देते हुए इसे हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा बताया.
ALSO READ:संविधान की शक्ति से सशक्त होगा वंचित समाज, बाबा साहेब की जयंती पर सीएम हेमंत सोरेन का नमन
