भारत की जनगणना 2027 एक मई से शुरू, दो चरणों में होगा पूरा काम

Lohardaga: भारत की जनगणना 2027 को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना अपनी...

भारत की जनगणना 2027 एक मई से शुरू
भारत की जनगणना 2027 एक मई से शुरू

Lohardaga: भारत की जनगणना 2027 को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना अपनी मजबूत परंपरा के कारण दुनिया की सबसे बेहतर जनगणनाओं में गिनी जाती है. यह एक बड़ा प्रशासनिक काम है. जनगणना संविधान की सातवीं अनुसूची के संघ सूची में शामिल है और जनगणना अधिनियम 1948 इसके संचालन का आधार है. इसके आंकड़े सरकारी योजनाओं, संसाधनों के बंटवारे और निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण में उपयोग होते हैं. जनगणना 2027 वर्ष 1872 से 16वीं और आजादी के बाद 8वीं जनगणना होगी. यह दो चरणों में पूरी की जाएगी.

पहले चरण में मकान और आवास की गणना

पहले चरण में मकानों की सूची और आवास से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी. स्वगणना की सुविधा 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक रहेगी, जिसमें लोग खुद अपना विवरण भर सकते हैं. इसके बाद 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी इकट्ठा करेंगे.

दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना

दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना का काम होगा. यह 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा.

डिजिटल तरीके से होगी जनगणना

जनगणना 2027 में मोबाइल एप के जरिए जानकारी जुटाई जाएगी. इसके लिए सरकार ने 33 सवाल तय किए हैं. प्रगणक घर-घर जाकर इन सवालों के जवाब दर्ज करेंगे.

Also Read: लोहरदगा में आंधी-बारिश से भारी नुकसान, पेड़ गिरे और बिजली व्यवस्था ठप

स्वगणना की सुविधा

इस बार लोगों को खुद अपनी जानकारी भरने की सुविधा दी गई है. 1 मई से 15 मई 2026 तक लोग ऑनलाइन अपना विवरण भर सकते हैं. इसके बाद प्रगणक सत्यापन करेंगे और डेटा को अंतिम रूप दिया जाएगा.

लोहरदगा में तैयारी पूरी

लोहरदगा जिले में कुल 8 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 7 ग्रामीण और 1 शहरी क्षेत्र शामिल है. 353 गांवों में 785 प्रगणक ब्लॉक बनाए गए हैं. वहीं शहरी क्षेत्र के 23 वार्ड में कुल 881 प्रगणक ब्लॉक चिन्हित किए गए हैं.

स्वगणना के लिए https://se.census.gov.in⁠ लिंक पर जाकर लोग 33 सवालों के जवाब पहले से भर सकते हैं. बाद में प्रगणक घर जाकर इनका सत्यापन करेंगे. इससे समय बचेगा और डेटा सही रहेगा.

अब तक की तैयारी

प्रगणक और पर्यवेक्षकों का चयन कर लिया गया है. 27 अप्रैल 2026 से ट्रेनिंग शुरू हो चुकी है, जो 9 मई 2026 तक चलेगी. इस काम के लिए कुल 912 प्रगणक, 160 पर्यवेक्षक और 15 ट्रेनर लगाए गए हैं. सभी प्रगणक ब्लॉकों का जियो टैगिंग और सीमांकन पूरा हो चुका है और आगे की प्रक्रिया जारी है.

आम लोगों से अपील

उपायुक्त ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें. स्वगणना करें और प्रगणकों को सही जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि जनगणना का काम सफलतापूर्वक पूरा हो सके.

इस मौके पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, डीसीएलआर सुजाता कुजूर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *