Hazaribagh:हजारीबाग बरही से चौपारण तक बन रहे 6 लेन राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए अंचलाधिकारी संजय यादव ने पहल तेज कर दी है. इसी कड़ी में प्रभावित रैयतों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना गया और समाधान का आश्वासन दिया गया.अंचलाधिकारी ने विशेष रूप से उन रैयतों से बातचीत की, जिन्हें मुआवजा मिल चुका है लेकिन अब तक उन्होंने अपनी जमीन पर बनी संरचनाएं नहीं हटाई हैं. बैठक के दौरान कुछ लोगों ने अपनी व्यावहारिक समस्याएं रखीं, जबकि कई रैयतों ने संरचना हटाने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की.
इस पर अंचलाधिकारी संजय यादव ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन रैयतों को मुआवजा प्राप्त हो चुका है, वे जल्द से जल्द भूमि खाली करें ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए. उन्होंने चेतावनी भी दी कि निर्धारित समय के भीतर संरचना नहीं हटाने पर प्रशासन द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा हो, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिल सके और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त हो. प्रशासन द्वारा रैयतों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन सहयोग भी अपेक्षित है.इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि बरही–चौपारण 6 लेन एनएच निर्माण कार्य में आ रही रुकावटें जल्द दूर होंगी और परियोजना को गति मिलेगी.
Also Read:Hazaribagh : लॉ यूनिवर्सिटी की हालत खराब, छह महीने बाद भी एलएलएम में नामांकन नहीं
