Koderma: मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत जिले में विशेष वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. विनीता कुमारी ने योजना के अंतर्गत 07 लाभुकों के बीच ब्रायलर कुक्कुट (मुर्गी) तथा 10 लाभुकों के बीच उन्नत नस्ल के बकरों का वितरण किया.
इस अवसर पर स्थानीय मुखिया की उपस्थिति में चयनित लाभार्थियों को पशुधन उपलब्ध कराया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसरों का सृजन करना, पशुपालन को बढ़ावा देना तथा लाभुकों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है.
डॉ. विनीता कुमारी ने कहा…
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. विनीता कुमारी ने लाभुकों से वितरित पशुधन की समुचित देखभाल एवं वैज्ञानिक पद्धति से पालन-पोषण करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पशुपालन आय का एक सशक्त माध्यम है और सरकार की इस योजना का लाभ उठाकर ग्रामीण परिवार अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकते हैं.
रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होगी.
कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों को सफल पशुपालन के लिए शुभकामनाएं देने तथा योजना का अधिकतम लाभ उठाने के संदेश के साथ किया गया.



