Hazaribagh : न्यू एरिया स्थित सौभाग्य वाटिका में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, इस बैठक में संगठन की मजबूती, हिंदू समाज को संगठित करने और युवाओं की सुरक्षा को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए, बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के बिहार-झारखंड क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह राजपूत और विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश महामंत्री दिलीप वैद्य उपस्थित रहे.
दुमका में लगेगा ‘वीर हिंदू विजेता’ प्रशिक्षण शिविर

बैठक को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी ग्रीष्मकालीन माह में पूरे देश के 42 राज्यों में ‘वीर हिंदू विजेता’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इसके तहत आगामी 9 जून से 14 जून तक झारखंड के दुमका में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन होगा. इस शिविर में राष्ट्रीय बजरंग दल के माध्यम से हिंदू युवाओं को सेल्फ डिफेंस और सेल्फ प्रोटेक्शन की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि आने वाले समय में युवा अपनी और समाज की सुरक्षा करने में सक्षम हो सकें. इसके साथ ही, जल्द ही रांची में महिलाओं के लिए भी विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की बात कही गई.
हजारीबाग में सजेंगे हनुमान चालीसा के 100 केंद्र
क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह राजपूत ने एक बड़ा निर्णय साझा करते हुए कहा कि संगठन द्वारा हजारीबाग में 100 हनुमान चालीसा केंद्र खोले जाएंगे. इन सभी केंद्रों पर एक-एक प्रमुख नियुक्त किए जाएंगे, ये केंद्र हिंदू समाज को एकजुट करने का काम करेंगे, जहां सप्ताह में दो दिन सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा.
बैठक में ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में हजारीबाग विभाग महामंत्री दीपक शंकर, अशोक कुमार साव, मुकेश कसेरा, सरोज गोप, सुमन वर्मा, विजय पांडे के साथ-साथ महिला विंग से महिला प्रभारी व जिला अध्यक्ष स्नेहलता, ओजस्विनी जिला अध्यक्ष आरती कुमारी, सुनीता ठाकुर, आरती बंसल, चिंता देवी, सुनीता साव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद थे.
Also Read : हुसैनाबाद महिला एवं बाल संरक्षण थाना प्रभारी के रूप में मुन्नी कुमारी ने संभाला पदभार
