रांची: झारखंड कैडर के सीनियर आइपीएस साकेत कुमार सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहने के लिए दो साल के लिए अवधि विस्तार मिला है. साकेत सिंह 2002 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में झारखंड सेक्टर में आइजी सीआरपीएफ के पद पर पदस्थापित थे. वहीं दूसरी ओर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से राकेश बंसल की सेवा झारखंड कैडर में वापस कर दी गयी है. यह 2007 बैच के आइपीएस हैं. यह वर्तमान में भारत सरकार नयी दिल्ली में कैबिनेट सचिवालय में निदेशक के पद पर थे. यह अपने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान जम्मू- कश्मीर और बेल्जियम में रॉ में पदस्थापित रहे. इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक झारखंड कैडर के दो और सीनियर आइपीएस केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं. इसमें एक आइपीएस का नाम ए विजयालक्ष्मी है और दूसरा 2011 बैच के आईपीएस है. इन दोनों अधिकारियों ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की इच्छा जाहिर करते हुए पुलिस मुख्यालय में आवेदन दिया है. झारखंड कैडर के दो और आइपीएस केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौट सकते हैं. इनमें एक का नाम आशिष बत्रा और दूसरे का नाम जय राय है. आशिष बत्रा वर्तमान में एनआइए में आइजी के पद पर पदस्थापित हैं, जबकि जया राय एनआइए में एसपी के पद पर. ये दोनों आइपीएस अधिकारी इसलिए वापस लौट सकते हैं, क्योंकि इन दोनों अधिकारियों का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति का कार्यकाल पूरा होने वाला है.

