Jamshedpur: बर्मामाइन्स थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के धंधे में शामिल पति-पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है. वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को 9 मई 2026 की शाम करीब 7 बजे गुप्त सूचना मिली थी, कि बर्मामाइन्स थाना क्षेत्र के गांधी नगर बस्ती निवासी संतोष सिंह कपाली इलाके से ब्राउन शुगर का बड़ा खेप लाया है.
एसएसपी ने बनाई विशेष टीम
सूचना के सत्यापन के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी और अपर पुलिस अधीक्षक (मु0-01) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांधी नगर बस्ती स्थित संतोष सिंह के घर छापेमारी की. तलाशी में घर से 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई. पुलिस ने मौके से ब्राउन शुगर कारोबार में शामिल संतोष सिंह और उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून उर्फ बिल्लो को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ के बाद टीम ने ब्राउन शुगर की सप्लाई चेन पर काम करते हुए गोविंदपुर से गौरव कुमार उर्फ अमर एवं अमित कुमार को भी गिरफ्तार किया है.
केस दर्ज
इस संबंध में बर्मामाइन्स थाना कांड संख्या-26/26, दिनांक-10-05-26, धारा-111(2)(b) BNS एवं 17(a)/21(a)/22(a)/27(a)/29 NDPS Act 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है.
पुलिस जब्त ब्राउन शुगर की कीमत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है. एसएसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: बड़ी उपलब्धि: GIS एसेट मैपिंग से झारखंड को मिला ₹5 करोड़ का इनाम
