Jamtara: जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की प्रगति और तैयारियों का जायजा लेने के लिए झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को नारायणपुर प्रखंड के धर्मपुर स्थित बूथ संख्या 147 का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बूथ पर चल रहे कार्यों की बारीकी से जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों, दस्तावेजों के सत्यापन, गणना प्रपत्रों की स्थिति तथा मतदाताओं से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी ली. उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों से अब तक किए गए कार्य और आगे की तैयारियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया.
निर्वाचन संबंधी कार्य में पारदर्शिता
के. रवि कुमार ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य में पारदर्शिता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए. पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने तथा अपात्र नामों की पहचान की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाए. उन्होंने कर्मियों को मतदाताओं की समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को प्रखंड क्षेत्र में चल रहे पुनरीक्षण कार्य की प्रगति से अवगत कराया. मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अंचल अधिकारी देवराज गुप्ता समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे. अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य को समय पर पूरा किया जाएगा.
AlsoRead:JSSC-CGL परीक्षा रद्द होना छात्रों की जीत, लेकिन आंदोलन अभी खत्म नहीं : देवेंद्र नाथ महतो
