जामताड़ा: उपायुक्त ने की राजस्व न्यायालयों के लंबित मामलों की समीक्षा, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Report: Yogesh Kumar Jamtara: जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला अंतर्गत विभिन्न...

Jamtara DC
उपायुक्त ने की बैठक

Report: Yogesh Kumar

Jamtara: जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला अंतर्गत विभिन्न राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों, नीलाम पत्र मामलों तथा रिकॉर्ड रूम से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में अंचल, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अनुमंडल, अपर समाहर्ता एवं उपायुक्त न्यायालय में लंबित मामलों की समीक्षा की गई.

विभिन्न राजस्व न्यायालयों में कुल 7,351 वाद लंबित

समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभिन्न राजस्व न्यायालयों में कुल 7,351 वाद लंबित थे, जिनमें से 3,825 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 3,526 मामले अभी भी लंबित हैं. लंबित मामलों में 2,061 नीलाम पत्र वाद तथा 1,465 ई-रेवेन्यू वाद शामिल हैं. उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से न्यायालय संचालित करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) मामलों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया, कि कोई भी म्यूटेशन आवेदन 30 दिनों से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए. साथ ही बिना वैध कारणों के आवेदनों को अस्वीकृत नहीं करने तथा सभी मामलों की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा.

कुल 3,557 नीलाम पत्र वाद लंबित

बैठक में नीलाम पत्र वादों की भी समीक्षा की गई. बताया गया कि जिले में कुल 3,557 नीलाम पत्र वाद लंबित हैं, जिनसे संबंधित मांग राशि लगभग 15.06 करोड़ रुपये है. उपायुक्त ने बैंकों एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने प्रमुख लंबित नीलाम वादों की सूचना समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने तथा बैंक स्तर पर रुचि नहीं लिए जाने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

उपायुक्त ने की दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की प्रगति की समीक्षा

इसके अलावा, रिकॉर्ड रूम के आधुनिकीकरण, उपयुक्त स्थल चयन और दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा. बैठक में बालू घाटों के लिए ग्रामसभा आयोजन की स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा छूटे हुए स्थलों पर शीघ्र ग्रामसभा आयोजित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न अंचलों के अंचल अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: कोडरमा: उदित राज की सन्देहास्पद मौत मामले में आज से अनिश्चितकालीन धरना

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *